Breaking
12 Sep 2026, Sat

2036 ओलंपिक को लक्ष्य बनाकर करें तैयारी : राजीव लोचन सिंह

2036 ओलंपिक को लक्ष्य बनाकर करें तैयारी : राजीव लोचन सिंह

ऋषिकेश,मनन ढींगरा

पी.एम श्री राजकीय इण्टर कॉलेज, आई.डी.पी.एल. वीरभद्र ऋषिकेश के खेल मैदान में आयोजित मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना के द्वितीय चरण के बैटरी टेस्ट में ऋषिकेश नगर निगम के 40 वार्डों से आए 8 से 14 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के संयोजक एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव लोचन सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए 2036 में भारत में प्रस्तावित ओलंपिक खेलों को लक्ष्य बनाकर मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “देश के युवा अगर अभी से लगन और निष्ठा से तैयारी करें तो भारत को ओलंपिक की पदक तालिका में शीर्ष पर लाना संभव है।” उन्होंने प्रशिक्षकों से भी अपील की कि वे इस दीर्घकालिक लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए बच्चों को तैयार करें।

इस बैटरी टेस्ट में श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित पहले चरण से चयनित 120 खिलाड़ियों ने भाग लिया। बच्चों ने पूरी तन्मयता से प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिससे मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी योजना के प्रति उनका उत्साह स्पष्ट झलकता है।

सह-संयोजक एवं विद्यालय के शारीरिक शिक्षक पंकज सती ने जानकारी दी कि द्वितीय चरण के इस परीक्षण से प्रत्येक आयु वर्ग से 6-6 बालक एवं 6-6 बालिकाओं का चयन जनपद स्तर पर प्रतिभाग हेतु किया गया है।

कार्यक्रम के दौरान निर्णायक मंडल की भूमिका में कई अनुभवी शिक्षक एवं प्रशिक्षक शामिल रहे, जिनमें प्रमुख रूप से नगर निगम खेल समन्वयक चन्द्रपाल सिंह, विकास नेगी, इन्दु काला, सुनीता रावत, मोनिका चौहान, पूनम विष्ट, नवीन कंडवाल, प्रवीन रावत, शुभम पाल, गीता, अनिल गुसाईं, पूनम व प्रियंका आदि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर नरेन्द्र सिंह रावत, दिवाकर नैथानी, सुशील रावत, हरेंद्र सिंह राणा, मीडिया प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता तथा विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *