Breaking
15 Sep 2026, Tue

परिवहन कार्यालय में अनधिकृत गतिविधियों पर सख्ती, परिसर से हटाए गए अतिक्रमण

हरिद्वार:(जीशान मलिक)जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर शनिवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा और नेहा झा ने रोशनाबाद स्थित सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय का संयुक्त निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यालय के विभिन्न अनुभागों में चल रहे कार्यों, अभिलेखों और पंजिकाओं के रखरखाव, लंबित मामलों, कार्यालयी व्यवस्था, स्वच्छता तथा आम लोगों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने कर्मचारियों को सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने तथा आम जनता से जुड़े मामलों का पारदर्शी और निर्धारित समय में निस्तारण करने के निर्देश दिए।

इस दौरान कार्यालय परिसर और आसपास अनधिकृत रूप से लगाए गए ढाबों तथा कुर्सी-मेज लगाकर बैठे लोगों को हटाया गया। कार्यालय के बाहर बिना किसी आवश्यक कार्य के एकत्र लोगों को भी वहां से हटाकर परिसर की व्यवस्था को व्यवस्थित किया गया।अधिकारियों ने संबंधित लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि बिना किसी आवश्यक कार्य के कार्यालय परिसर या उसके आसपास अनावश्यक रूप से न बैठें और न ही किसी प्रकार की अनधिकृत गतिविधि करें। भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यालय परिसर में स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही आम लोगों से अपील की गई कि परिवहन विभाग से संबंधित कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार स्वयं कराएं और किसी अनधिकृत व्यक्ति या बिचौलिए के झांसे में न आएं।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *