
देहरादून:(भगवा सनातन टाइम्स संवाददाता) क्षेत्र में बढ़ते अवैध नशे के कारोबार और नशीले पदार्थों की बिक्री के खिलाफ शिवसेना ने मोर्चा खोल दिया है। शिवसेना प्रदेश प्रमुख सागर रघुवंशी के निर्देश पर महानगर अध्यक्ष मनजीत भट्ट के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नेहरू कॉलोनी थाने पहुंचकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा।


ज्ञापन के माध्यम से शिवसेना ने नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र के आसपास के इलाकों और बस्तियों में कथित रूप से अवैध नशीले पदार्थों की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। संगठन ने कहा कि नशे का बढ़ता प्रचलन युवाओं को गलत दिशा में ले जा रहा है, जो समाज और आने वाली पीढ़ी के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

महानगर अध्यक्ष मनजीत भट्ट ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए शिवसेना लगातार आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने कहा कि यदि अवैध नशे की बिक्री पर प्रभावी अंकुश नहीं लगाया गया तो संगठन इस मुद्दे को लेकर आगे भी आंदोलनात्मक तरीके से आवाज उठाएगा।
इस दौरान जिला सचिव आयुष पासवान सहित शिवसेना महानगर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

