Breaking
13 Sep 2026, Sun

आरक्षित वनभूमि पर चला बुलडोजर, 1,015 वर्गमीटर जमीन कराई अतिक्रमण मुक्त

देहरादून:(भगवा सनातन टाइम्स संवाददाता) वनभूमि पर अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देहरादून वन प्रभाग ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। झाझरा रेंज के कंडोली-1 क्षेत्र में विभाग की टीम ने 1,015 वर्गमीटर आरक्षित वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए वर्ष 2006-07 से किए गए अनधिकृत निर्माण को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के बाद भूमि को पुनः वन विभाग के कब्जे में ले लिया गया। मौके पर राजस्व विभाग के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।वन विभाग के अनुसार, उक्त प्रकरण में अतिक्रमण हटाने के आदेश पहले ही पारित किए जा चुके थे। इन आदेशों के खिलाफ की गई विभिन्न विधिक कार्यवाहियों में भी विभाग का पक्ष बरकरार रहा। 7 अगस्त 2009 को निर्माण हटाने के आदेश जारी हुए थे, जबकि 4 सितंबर 2009 को विभागीय अपील निरस्त कर दी गई थी।

इसके बाद संबंधित रिट याचिका पर 20 सितंबर 2017 को नैनीताल हाईकोर्ट ने याचिका खारिज कर दी। वहीं, विशेष अपील संख्या 1083/2017 भी 9 जून 2025 को हाईकोर्ट द्वारा खारिज कर दी गई। न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में वन विभाग ने रविवार को मौके पर कार्रवाई करते हुए अतिक्रमित भूमि को मुक्त कराया।

देहरादून वन प्रभाग के डीएफओ वैभव कुमार सिंह ने कहा कि आरक्षित वनभूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण अथवा अनधिकृत निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। वनभूमि की सुरक्षा, संरक्षण और सीमाओं की रक्षा के लिए विभाग द्वारा आगे भी नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *