Breaking
15 Sep 2026, Tue

उत्तराखंड में मौसम लेगा करवट: 5 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 60 किमी रफ्तार से चलेंगी हवाएं, ओलावृष्टि-आकाशीय बिजली का खतरा

देहरादून:(जीशान मलिक) भीषण गर्मी से जूझ रहे उत्तराखंड को जल्द राहत मिलने वाली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून ने 28 मई से राज्य में मौसम बिगड़ने का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी जिलों में अगले 4 दिन बारिश, ओलावृष्टि, आकाशीय बिजली और 60 किमी प्रति घंटा तक की तेज आंधी चलने की चेतावनी दी गई है।मौसम विभाग के मुताबिक 28 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 40-50 किमी से बढ़कर 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलेंगी। राज्य के बाकी जिलों में भी 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और बिजली चमकने की संभावना है।29 मई को मौसम और ज्यादा खराब रहेगा। उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में ओलावृष्टि, बिजली गिरने और 60 किमी प्रति घंटा तक की तेज हवाएं चलेंगी। साथ ही उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग और चमोली में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है।

30 और 31 मई के लिए पूरे राज्य में येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील इलाकों में खास निगरानी रखने, आपदा प्रबंधन टीमों को तैयार रखने और संसाधन जुटाने को कहा गया है।सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने लोगों से खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित स्थानों पर रहें। आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर इमारतों से दूर रहें। मौसम की ताजा जानकारी और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *