हरिद्वार:(ज़ीशान मलिक)श्री देव भूमि शहीद महंत इतर सिंह यूनिवर्सिटी में फार्मेसी विभाग की ओर से “फार्मा अन्वेषण” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने फार्मेसी और स्वास्थ्य से जुड़े विभिन्न विषयों पर आकर्षक मॉडल और प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए, जिन्हें देखकर अतिथि और शिक्षक बेहद प्रभावित हुए।
“मुख्य अतिथि ने की सराहना…
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ड्रग्स इंस्पेक्टर अनीता भारती रहीं। उन्होंने प्रदर्शनी का निरीक्षण करते हुए छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए प्रोजेक्ट और मॉडलों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम छात्रों को अपनी प्रतिभा दिखाने और नए विचारों को सामने लाने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।
“फार्मेसी क्षेत्र में शोध व नवाचार की अपार संभावनाएं…
अनीता भारती ने कहा कि फार्मेसी क्षेत्र स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ है और इसमें शोध व नवाचार की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने छात्रों को मेहनत, अनुशासन और लगन के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर छात्र अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहेंगे तो निश्चित रूप से फार्मेसी के क्षेत्र में देश और समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
“छात्रों ने प्रस्तुत किए आकर्षक मॉडल…
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने दवाओं के निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण, ड्रग सेफ्टी, हर्बल मेडिसिन और आधुनिक फार्मास्यूटिकल तकनीकों से जुड़े कई मॉडल प्रस्तुत किए। इन मॉडलों के माध्यम से उन्होंने दवाओं के निर्माण की प्रक्रिया, उनके प्रभाव और उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
“कुलाधिपति ने की सराहना…
विश्वविद्यालय के कुलाधिपति सीए एस० के० गुप्ता ने भी छात्रों की मेहनत और रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से छात्रों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होता है।
इस दौरान विवि उपाध्यक्ष नमन बंसल, पीवीसी आदेश आर्य, रजिस्ट्रार सुमित चौधरी, प्रोफेसर देवदत्त, प्रो० सन्दीप दरबारी, असिसटेन्ट प्रो० विशाल बालियान, फरहान उस्मानी, प्रशान्त राय, साक्षी महलोत्रा, सुमिता मनहास, शालिनी शर्मा आदि मौजूद रहे।

