मुरादाबाद:(जीशान मलिक) कुंदरकी में बदलते मौसम, बढ़ते तापमान और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच दावत-ए-इस्लामी इंडिया के वेलफेयर डिपार्टमेंट GNRF (गरीब नवाज़ रिलीफ फाउंडेशन) की ओर से देशभर में चलाए जा रहे ‘Save Nature’ जन-जागरूकता अभियान के तहत कुंदरकी नगर स्थित किसान इंटर कॉलेज परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण और हरियाली के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान एडवोकेट आरिफ पाशा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल वर्तमान पीढ़ी की जरूरत नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की जिम्मेदारी भी है।
साथ ही उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने के साथ बढ़ती गर्मी को कम करने, शुद्ध वायु उपलब्ध कराने, वर्षा चक्र को संतुलित रखने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल को अपनी जिम्मेदारी समझे।कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और लोगों को प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-अभियान बनाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर अरकान कादरी, आरिफ पाशा, राशिद अत्तारी, मुताहिर अली खान, आमिर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

