हरिद्वार:(चीफ एडिटर) ग्राम पंचायत अजीतपुर के निवासियों ने एक बार फिर सामाजिक एकजुटता और मानवीय संवेदना की मिसाल पेश की है। गांव निवासी एवं शिक्षक सुनील (मास्टर), पुत्र भूलचंद, ब्रेन हेमरेज से पीड़ित हैं और AIIMS ऋषिकेश में उपचाराधीन हैं।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुनील का 13 अगस्त को पहला ऑपरेशन हुआ था। इसके बाद 17 अगस्त को चिकित्सकों ने उनका दूसरा बड़ा ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के दौरान तत्काल रक्त एवं प्लेटलेट्स की आवश्यकता सामने आने पर ग्राम प्रधान प्रखर कश्यप अपनी युवा टीम के साथ तुरंत AIIMS ऋषिकेश पहुंचे।
ग्राम प्रधान प्रखर कश्यप ने मरीज के लिए अपना 29वां रक्तदान किया। वहीं उनके साथ मौजूद ग्रामीण साथी जॉनी कश्यप ने अपना 5वां रक्तदान किया। इस दौरान गौरव, नवीन और मनीष ने पहली बार रक्तदान कर समाज में जागरूकता और सेवा का संदेश दिया।ग्राम प्रधान प्रखर कश्यप को ग्रामीणों के बीच ‘मित्र ग्राम प्रधान’ के नाम से भी जाना जाता है। ग्रामीणों के अनुसार, वे जरूरत के समय लोगों के साथ खड़े रहने और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए जाने जाते हैं। रक्तदान के इस कार्य में भी उन्होंने स्वयं आगे बढ़कर नेतृत्व किया और युवाओं को जरूरतमंद की मदद के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान प्रखर कश्यप ने कहा, “ईश्वर का धन्यवाद है कि उन्होंने हमें किसी की जान बचाने का माध्यम बनाया। जरूरतमंद के काम आना ही ईश्वर की सच्ची सेवा है।” उन्होंने आमजन से अपील की कि जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए लोग रक्तदान करने के लिए आगे आएं।
ग्रामवासियों एवं पूरी टीम ने सुनील (मास्टर) के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और पूर्ण रूप से स्वस्थ होकर घर लौटने की प्रार्थना की है। साथ ही आमजन से अपील की गई कि संकट की घड़ी में जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आएं और रक्तदान जैसे सामाजिक कार्यों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

