Breaking
15 Sep 2026, Tue

भारत स्काउट्स गाइड्स उत्तराखंड का सातवाँ रोवर्स-रेंजर्स बेसिक व एडवांस प्रशिक्षण 1 मई से भोपालपानी में शुरू

भारत स्काउट्स गाइड्स उत्तराखंड का सातवाँ रोवर्स-रेंजर्स बेसिक व एडवांस प्रशिक्षण 1 मई से भोपालपानी में शुरू

देहरादून,भगवा सनातन टाइम्स

भारत स्काउट्स गाइड्स उत्तराखंड द्वारा सातवाँ रोवर्स और रेंजर्स का बेसिक एवं एडवांस प्रशिक्षण शिविर 1 से 7 मई 2025 तक प्रादेशिक प्रशिक्षण केंद्र, भोपालपानी में आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण के लिए राज्य के विभिन्न ज़िलों से कुल 32 प्रोफ़ेसर नामांकित हुए हैं, लेकिन पिथौरागढ़ ज़िले से अब तक कोई भी शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए नहीं आ रहा है।

 

 

प्रशिक्षण शिविर के स्टेट कोऑर्डिनेटर और ‘लीडर ऑफ़ द कोर्स’ प्रोफ़ेसर सत्येंद्र कुमार ने जानकारी दी कि उत्तरकाशी से सर्वाधिक 6, अल्मोड़ा से 4, देहरादून, हरिद्वार, टिहरी गढ़वाल, चमोली, बागेश्वर और नैनीताल से प्रत्येक 3-3, तथा पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चम्पावत और उधम सिंह नगर से 1-1 प्रोफ़ेसर ने पंजीकरण कराया है।

हरिद्वार ज़िले से डॉ. आबिदा, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. रेणु देवी, देहरादून से डॉ. संगीता रावत, एडवोकेट प्रियंका मेहर, एडवोकेट लक्ष्मी, उत्तरकाशी से डॉ. तबस्सुम जहान, डॉ. आराधना राठौर, डॉ. सुनीता मेहता, यशवंत सिंह, नरेंद्र कुमार जागीर और डॉ. आसिस नौटियाल जैसे नामचीन शिक्षाविद इस प्रशिक्षण का हिस्सा बनेंगे।

इसके अतिरिक्त, पौड़ी गढ़वाल से डॉ. अरुण कुमार, टिहरी गढ़वाल से डॉ. नीलम, संदीप कुमार और डॉ. अनिल गुप्ता, रुद्रप्रयाग से परमजीत कुमार, चमोली से डॉ. शीतल देसवाल, डॉ. पुष्पा रानी और डॉ. हरिश्चंद्र रतूड़ी, अल्मोड़ा से डॉ. रागनी राघव, प्रीति साहा, डॉ. प्रभाकर त्यागी और डॉ. अमित कुमार, नैनीताल से डॉ. विद्या कुमारी, डॉ. जे.पी. त्यागी और डॉ. नीमा राणा, उधम सिंह नगर से डॉ. रजनी शर्मा और चम्पावत से डॉ. किरण बाली प्रशिक्षण में भाग ले रहे हैं।

प्रोफ़ेसर सत्येंद्र कुमार ने चिंता जताते हुए कहा कि राज्य के महाविद्यालयों में सैकड़ों शिक्षक कार्यरत हैं, लेकिन उनकी उदासीनता यह संकेत देती है कि अगर इसी प्रकार रुझान कम रहा तो स्काउट-गाइड आंदोलन का चहुंमुखी विकास अवरुद्ध हो सकता है।

उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण में बेसिक रोवर स्काउट लीडर और बेसिक रेंजर गाइड लीडर के लिए 14-14 प्रतिभागी जबकि एडवांस रेंजर के लिए 4 प्रतिभागी नामांकित हुए हैं। हालांकि, एडवांस रोवर के लिए किसी ने भी आवेदन नहीं किया है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संचालित करने के लिए स्टाफ के रूप में डॉ. जगमोहन नेगी (राजकीय महाविद्यालय गोपेश्वर), डॉ. अखिलेश्वर द्विवेदी (राजकीय महाविद्यालय अगस्त्यमुनि), डॉ. विनोद कुमार (राजकीय महाविद्यालय डाकपत्थर), मंगलसिंह गढ़वाल व गायत्री साहू (देव संस्कृति विश्वविद्यालय शांतिकुंज), एडवोकेट वीरेंद्र नेगी, तथा डॉ. नीतू बलोनी (राजकीय महाविद्यालय देहरादून) भी प्रशिक्षण केंद्र पर उपस्थित रहेंगे।

राज्य के पहले रोवर्स सेक्शन लीडर ट्रेनर प्रो. सत्येंद्र कुमार, वर्तमान में राजकीय आदर्श महाविद्यालय मीठीबेरी में अंग्रेज़ी विभागाध्यक्ष के पद पर कार्यरत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *