अंकारा में NFITU ने वैश्विक AI विनियमन और श्रमिक अधिकारों के लिए बुलंद की आवाज
अंकारा, टर्की ,भगवा सनातन टाइम्स
| 22 अप्रैल 2025 — नेशनल फ्रंट ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (NFITU) ने टर्की की राजधानी अंकारा में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन “Labour Digitalization and Social Justice” में वैश्विक स्तर पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के प्रभावी विनियमन की पुरज़ोर मांग उठाई। NFITU के महासचिव डॉ. विराट जायसवाल ने भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए डिजिटल युग में श्रमिकों की सुरक्षा, सामाजिक न्याय और संगठनात्मक विविधता जैसे अहम मुद्दों पर सशक्त नेतृत्व प्रस्तुत किया।

सम्मेलन के दौरान डॉ. जायसवाल ने तुर्की के श्रम और सामाजिक सुरक्षा मंत्री प्रो. डॉ. वेदात ईशिकहान और मेमूर-सेन कॉन्फ़ेडरेशन के अध्यक्ष अली यालचिन से शिष्टाचार भेंट की। इन बैठकों में उन्होंने बदलते वैश्विक श्रम परिदृश्य, डिजिटल परिवर्तन से उत्पन्न चुनौतियों तथा सामाजिक न्याय को सुनिश्चित करने हेतु वैश्विक साझेदारी की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने NFITU और CONCENT की गतिविधियों के साथ भारत में श्रमिक अधिकारों को सुरक्षित करने के प्रयासों की जानकारी भी साझा की।
अपने संबोधन में डॉ. जायसवाल ने कहा, “हम ऐसे परिवर्तनशील युग में हैं जहाँ तकनीकी नवाचार श्रम के स्वरूप को मूल रूप से बदल रहा है। अब यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है कि कोई भी श्रमिक इस परिवर्तन की दौड़ में पीछे न छूटे। वैश्विक नीति निर्माण में त्रिपक्षीय संवाद को प्राथमिकता देना आज समय की मांग है।”
NFITU ने सम्मेलन में “वैश्विक संगठनात्मक एकता परिषद” के गठन का प्रस्ताव भी रखा, जिसका उद्देश्य वैश्विक श्रमिक एकता को बढ़ावा देना है, जो विचारधारा और क्षेत्रीय सीमाओं से ऊपर उठकर कार्य करेगा।
भारत की ओर से NFITU ने भारतीय मजदूर संघ (BMS) के नेतृत्व में और CONCENT के संयोजन में सम्मेलन में प्रभावी भूमिका निभाई। सम्मेलन का आयोजन टर्की के मेमूर-सेन कॉन्फ़ेडरेशन द्वारा किया गया था, जिसमें 36 देशों से 200 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर डॉ. जायसवाल ने यूरोप और मिडिल ईस्ट के कई प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात कर निकट भविष्य में NFITU के साथ संयुक्त प्रयासों पर सहमति बनाने की दिशा में सकारात्मक चर्चाएँ कीं। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में BMS के केंद्रीय महासचिव रविंद्र हिमते, संगठन मंत्री बी. सुरेन्द्रन, परिवहन विभाग से वल्लभभाई वचानी, कोल इंडस्ट्री से संजय सिंह तथा TUCC से एस. पी. तिवारी शामिल रहे।
NFITU के इस नेतृत्व ने साबित किया कि भारतीय ट्रेड यूनियन आंदोलन वैश्विक मंचों पर दूरदर्शिता, प्रतिबद्धता और समावेशी दृष्टिकोण के साथ मजबूती से अपनी उपस्थिति दर्ज करवा रहा है।
NFITU का स्पष्ट संदेश है — “तकनीकी प्रगति के साथ सामाजिक न्याय, श्रमिक गरिमा और अधिकारों की रक्षा अनिवार्य है। हमारा लक्ष्य एक ऐसा भविष्य बनाना है जहाँ हर श्रमिक को सम्मान और अवसर प्राप्त हो।”

