Breaking
27 Apr 2026, Mon

चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर नंदप्रयाग स्लाइडिंग जोन का निरीक्षण, समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश

चारधाम यात्रा की तैयारियों को लेकर नंदप्रयाग स्लाइडिंग जोन का निरीक्षण, समय पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश

ऋषिकेश, मनन ढींगरा 21 अप्रैल 2025

आगामी चारधाम यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को चमोली के उपजिलाधिकारी आर.के. पाण्डेय एवं पुलिस उपाधीक्षक मदन बिष्ट ने बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर स्थित संवेदनशील नंदप्रयाग स्लाइडिंग जोन का संयुक्त निरीक्षण किया।

यह क्षेत्र भूस्खलन की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माना जाता है और यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से विशेष महत्व रखता है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित कार्यदायी संस्थाओं से अब तक किए गए कार्यों की जानकारी ली तथा प्रगति की समीक्षा की।

उपजिलाधिकारी पाण्डेय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व स्लाइडिंग जोन में सड़क की मरम्मत, मलबा हटाने और आपात स्थितियों से निपटने के लिए सभी सुरक्षात्मक उपाय पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया।

इस मौके पर पुलिस उपाधीक्षक मदन बिष्ट ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

प्रशासन का यह निरीक्षण यात्रा को निर्बाध, सुरक्षित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *