संभल:(जीशान मलिक) संभल के मियां सराय स्थित इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की छात्राओं का विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर छात्राओं की आंखों में बिछड़ने का दर्द और भविष्य के लिए बड़े सपनों की चमक साफ दिखाई दी। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सदर विधायक इकबाल महमूद की पत्नी रुखसाना इकबाल थीं।
सईद अख्तर ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विदाई का क्षण नई शुरुआत का प्रतीक है। उन्होंने छात्राओं से डॉक्टर, इंजीनियर और आईएएस बनकर शहर व देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
समारोह में छात्राओं ने अपने अनुभव साझा किए और भविष्य के लक्ष्य बताए। कक्षा 6 से पढ़ रहीं दीबा राशिद ने स्कूल को घर जैसा बताया और सरकारी शिक्षिका बनने की इच्छा व्यक्त की। कक्षा 3 से पढ़ रहीं शिबा ने वकील बनने का सपना देखा।नर्सरी से पढ़ रही अनाहा ने 15 साल के सफर को यादगार बताते हुए आईएएस बनकर देश सेवा का संकल्प लिया। वहीं, आस्मा ने चार साल के जुड़ाव के बाद बिछड़ने के डर का जिक्र किया।
कॉलेज की प्रिंसिपल रफत जहां ने कहा कि बच्चों की विदाई गर्व और संवेदना का क्षण है। उन्होंने विश्वास जताया कि छात्राएं बेहतर परिणाम लाकर विद्यालय का नाम रोशन करेंगी।इस भावुक समारोह में छात्राओं ने एक-दूसरे से जुड़े रहने का वादा किया और नए सपनों के साथ जीवन की अगली पारी के लिए कदम बढ़ाए।

