
हरिद्वार:(रागिब नसीम) जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला कार्यालय सभागार में सभी विभागों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनपद में संचालित सभी योजनाओं को समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए।जिलाधिकारी ने 20 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान कहा कि जो विभाग अभी सी और डी श्रेणी में हैं, वे लगातार प्रयास कर ए श्रेणी में आएं। जनहित की योजनाओं में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं चलेगी।


डीएम ने कहा कि जिला योजना के तहत पहली किस्त की जो धनराशि विभागों को मिल चुकी है, उसका तुरंत उपयोग किया जाए और स्वीकृत कामों को प्राथमिकता से पूरा किया जाए। साथ ही दूसरी किस्त की स्वीकृति 30 सितंबर तक कराने के लिए सभी विभाग अपने प्रस्ताव जल्द से जल्द जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी को उपलब्ध करा दें, ताकि समय से बजट स्वीकृत हो सके।जिलाधिकारी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में सभी विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी अनिवार्य है। शिविरों में लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ मौके पर दिया जाए और शिकायतों का तुरंत निस्तारण किया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, एडीएम वैभव गुप्ता, एडीएम प्रशासन जितेंद्र कुमार, सीएमओ डॉ. आरके सिंह समेत सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

