उत्तरप्रदेश:धौलाना,प्रदेश के मुख्य स्थाई अधिवक्ता व उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के सदस्य प्रशांत सिंह अटल ने मंगलवार को धौलाना तहसील में अधिवक्ताओं से वार्ता की। इस दौरान उन्होंने अधिवक्ताओं को पुस्तक देते हुए उन्हें समाज का पढ़ा लिखा वर्ग बताया। सम्मान समारोह के दौरान बोलते हुए प्रशांत सिंह अटल ने कहा कि आज अधिवक्ता ही एक ऐसा कार्य क्षेत्र है जहां पर आप निस्वार्थ होकर आम आदमी की सेवा कर सकते हैं। अगर किसी अधिवक्ता के पास कोई गरीब व्यक्ति मदद मांगने के लिए आता है तो वह फीस की चिंता छोड़ मदद के लिए खुशी-खुशी तैयार हो जाते हैं ।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश बार काउंसिल व प्रदेश सरकार अधिवक्ताओं के हितों के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट जल्द ही लागू करवाया जाएगा । हापुड़ में कई करोड़ की लागत से इंटीग्रेटेड न्यायालय परिसर का निर्माण किया जा रहा है। जिसका अधिवक्ताओं को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि अधिवक्ताओं के हितों के लिए वह सदैव कार्य करते रहे हैं। बार कौंसिल ऑफ़ उत्तर प्रदेश की तरफ से अधिवक्ताओं को बीमा योजना का लाभ दिया जा रहा है। वह प्रदेश के समस्त अधिवक्ताओं की समस्याओं को सरकार के पास पहुंचाएंगे। ताकि अधिवक्ताओं के हितों का पूरी तरह से ख्याल रखा जा सके। उन्होंने कहा कि उनके किसी भी अधिवक्ता को अगर कोई परेशानी होती है तो वह उनसे संपर्क कर सकता है।
इस दौरान दीवानी फौजदारी राजस्व बार एसोसिएशन के सुरेंद्र सिंह तोमर, संदीप गर्ग, अमरपाल सिंह, रामकिशन सिंह, राहुल गहलोत समेत अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

