हरिद्वार:(चीफ एडिटर) राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार द्वारा चलाए जा रहे ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के प्रथम चरण का शनिवार को समापन हो गया। अभियान के छठे और अंतिम दिन जनपद के 32 से अधिक विद्यालयों में लगभग 26 हजार छात्र-छात्राओं को विधिक रूप से जागरूक किया गया।जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नरेंद्र दत्त ने डिवाइन लाइट सीनियर सेकेंडरी स्कूल जगजीतपुर, कनखल में आयोजित कार्यक्रम में छात्रों को पॉक्सो एक्ट और बालकों के विधिक अधिकारों की जानकारी दी। इस दौरान राष्ट्रीय एकता दिवस पर सरदार पटेल की स्मृति में छात्रों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई गई।
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिमरनजीत कौर ने बच्चों को साइबर क्राइम, निःशुल्क विधिक सहायता और बाल अधिकारों के बारे में बताया। उन्होंने चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 और नालसा हेल्पलाइन 15100 की जानकारी दी। कार्यक्रम में पुलिस लाइन इंचार्ज भी मौजूद रहे।सचिव द्वारा ओलिविया इंटरनेशनल स्कूल राजा गार्डन और मातृ आंचल कन्या विद्यापीठ में भी शिविर लगाए गए। वहीं रुड़की, लक्सर और भगवानपुर तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में न्यायिक अधिकारियों, पैनल अधिवक्ताओं और पीएलवी द्वारा बच्चों को जागरूक किया गया।


