Breaking
30 Oct 2026, Fri

कुंभ-2027: मेलाधिकारी ने किया शिविर स्थलों और घाटों का निरीक्षण, तेजी लाने के निर्देश

हरिद्वार:(चीफ एडिटर) कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने के लिए मेलाधिकारी सोनिका ने शुक्रवार को बैरागी कैंप, सती द्वीप, दक्ष द्वीप और कनखल क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप, सेक्टर-12 के नया टापू, सती द्वीप और दक्ष द्वीप में शिविर स्थलों पर चल रहे भूमि की सफाई, समतलीकरण, संपर्क मार्ग, बिजली-पानी और सेक्टर प्लान के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने नया टापू के संपर्क मार्ग को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सतीघाट से बैरागी कैंप को जोड़ने वाले 48 मीटर लंबे पैदल पुल और दक्ष द्वीप-बैरागी कैंप को जोड़ने वाले 60 मीटर स्टील गर्डर डबल लेन पुल के निर्माण में तेजी लाने को कहा। साथ ही मायापुर स्कैप चैनल पर दरिद्रभंजन महादेव मंदिर के पास प्रस्तावित बैली ब्रिज का काम तत्काल शुरू कराने और कनखल को जोड़ने वाली सड़क के संकरे हिस्से को चौड़ा करने के निर्देश दिए।मेलाधिकारी ने बैरागी कैंप में स्कैप चैनल पर बन रहे 260 मीटर लंबे घाट और कनखल के सार्वजनिक घाटों का निरीक्षण किया। घाटों की मरम्मत, सफाई, रेलिंग-चेन लगाने और स्कैप चैनल बंदी के दौरान सफाई कार्य पूरे करने को कहा।

कनखल श्मशान घाट पर प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और जनसुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उन्होंने दक्ष, शीतला माता और दरिद्रभंजन मंदिरों का भ्रमण कर स्थानीय लोगों से सुझाव भी लिए।निरीक्षण में उप मेलाधिकारी मंजीत सिंह, सिंचाई विभाग के ईई अनुभव नौटियाल, पेयजल निगम के ईई राजेश गुप्ता समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *