देहरादून:(जीशान मलिक) मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड पुलिस के नए ध्वज, प्रतीक चिह्न, फॉर्मेशन साइन, इंसिग्निया, क्रेस्ट और सेरेमोनियल वर्दी का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने मौजूद लोगों को राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई।मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस की पहचान को नया स्वरूप देना सिर्फ प्रतीकों में बदलाव नहीं है, बल्कि पुलिस की गौरवशाली परंपरा, शौर्य और अनुशासन को मजबूत करने की पहल है। नए प्रतीक गौरव के साथ जिम्मेदारी का भी एहसास कराते हैं। इसका सम्मान तभी होगा जब नागरिकों को पुलिस के व्यवहार में संवेदनशीलता और कार्रवाई में निष्पक्षता दिखेगी।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में काम हो रहा है। उत्तराखंड पुलिस का नया ध्येय वाक्य ‘कर्म सत्यं शौर्यम्’ कर्तव्यनिष्ठा और साहस का संदेश देता है।
मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि प्रदेश के लिए गौरव की बात है कि 6 नवंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा उत्तराखंड पुलिस को प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति पुलिस कलर’ से अलंकृत किया जाएगा। इस परेड में जवान नई सेरेमोनियल वर्दी में हिस्सा लेंगे।नए प्रतीक चिह्न में अशोक स्तंभ, ‘सत्यमेव जयते’, स्वर्णिम लॉरेल रीथ, हिमालय और नदी को शामिल किया गया है। तीन रंगों वाले पुराने ध्वज की जगह अब गहरे नीले रंग का नया ध्वज होगा, जिसके बीच में नया प्रतीक और लाल-सुनहरी किनारी होगी। सेरेमोनियल वर्दी में बहुरंगी सैश और अलंकरण जोड़ा गया है।
इससे पहले पुलिस ध्वज का अनावरण 4 अप्रैल 2008 को हुआ था। नए स्वरूप को मुख्यमंत्री ने 21 अक्टूबर को मंजूरी दी थी।कार्यक्रम में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, आर मीनाक्षी सुंदरम सहित शासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


