हरिद्वार:(जीशान मलिक) विद्या भारती उत्तराखंड द्वारा आनंद स्वरूप आर्य सरस्वती विद्या मंदिर शिशु वाटिका रुड़की में आयोजित “प्रतिभा सम्मान समारोह” में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि परिश्रम, अनुशासन और संस्कार से हर लक्ष्य पाया जा सकता है। विद्या भारती ने सनातन संस्कृति और राष्ट्रभक्ति पर आधारित शिक्षा से देश में मजबूत नींव रखी है। उन्होंने बताया कि विद्या भारती देशभर में 13 हजार औपचारिक और 12 हजार अनौपचारिक विद्यालयों के जरिए 45 लाख छात्रों को शिक्षा दे रही है। उत्तराखंड में 562 विद्यालयों में सवा लाख विद्यार्थी पढ़ रहे हैं।
सीएम ने नई शिक्षा नीति, स्मार्ट क्लास, नि:शुल्क किताबें, कौशलम् योजना और देश के सबसे कठोर नकल विरोधी कानून का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 5 साल में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शिता से सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने छात्रों से विकसित भारत के संकल्प में भागीदार बनने का आह्वान किया।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विद्यालय भवन का लोकार्पण भी किया। इस दौरान केंद्रीय संगठन मंत्री डोमेश्वर साहू, IIT रुड़की निदेशक केके पंत, मेयर अनीता अग्रवाल, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित समेत कई जनप्रतिनिधि और अभिभावक मौजूद रहे।

