Breaking
13 Sep 2026, Sun

श्रीनगर केंद्रीय विश्वविद्यालय में जय हो की बड़ी जीत, अध्यक्ष पद पर हिमांशु भंडारी ने 1505 वोटों से मारी बाजी

गढ़वाल:(जीशान मलिक) हेमंती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय, श्रीनगर के छात्रसंघ चुनाव में जय हो संगठन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एबीवीपी को बड़ा झटका दिया। अध्यक्ष पद पर जय हो संगठन के हिमांशु भंडारी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एबीवीपी के भुवन चमोली को 1505 वोटों के भारी अंतर से पराजित कर जीत दर्ज की। विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर इतने बड़े अंतर से मिली जीत को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।छात्रसंघ चुनाव का परिणाम देर रात घोषित किया गया। परिणाम घोषित होने के बाद शनिवार को विश्वविद्यालय परिसर में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान जय हो समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर आइसा के युवराज सिंह ने एबीवीपी के अंशुमन को 1153 वोटों के अंतर से हराया। वहीं छात्रा प्रतिनिधि पद पर जय हो की सुनिधि सिंह ने एबीवीपी की गौतमी भट्ट को मात दी। कोषाध्यक्ष पद पर जय हो संगठन के रामरूप गुर्जर निर्विरोध निर्वाचित हुए।

उपाध्यक्ष पद पर छात्रम संगठन के पुलकित अग्रवाल ने जीत हासिल की। उन्होंने आइसा की प्रीति वर्मा को पराजित किया।सचिव पद पर एनएसयूआई के मयंक बहुगुणा ने आर्यन पंकज को हराया। वहीं सहसचिव पद पर अमन कुनियाल ने निशा को 42 वोटों के मामूली अंतर से शिकस्त दी।जय हो संगठन के जिलाध्यक्ष आयुष मियां और पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अंकित रावत ने दावा किया कि एबीवीपी की ओर से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से 200 से अधिक छात्र नेताओं को चुनाव प्रचार के लिए श्रीनगर लाया गया था। इसके बावजूद एबीवीपी को छात्रसंघ चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।

छात्रसंघ चुनाव के परिणाम को आगामी विधानसभा चुनाव के राजनीतिक परिदृश्य के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। श्रीनगर में छात्र राजनीति के इस परिणाम को विभिन्न राजनीतिक दलों के लिए भी अहम संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।जय हो के कार्तिकेय बहुगुणा ने कहा कि संगठन का विस्तार और मजबूत किया जाएगा। आगामी श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में विभिन्न परिसरों से संगठन के प्रत्याशी मैदान में उतारे जाएंगे। इस दौरान दिव्यांशु बहुगुणा, कैवल्य जखमोला, वीरेंद्र बिष्ट और शिवांश डोभाल समेत अन्य समर्थकों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *