Breaking
27 Aug 2026, Thu

शिवालिक नगर में शान से लहराया तिरंगा, नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने दिया राष्ट्र निर्माण का संदेश

हरिद्वार:(चीफ एडिटर) स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा ने नगर पालिका कार्यालय, शिवालिक नगर के दोनों व्यापार मंडलों सहित नगर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। इस दौरान आयोजित कार्यक्रमों में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल देखने को मिला।नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा ने कहा कि तिरंगा केवल तीन रंगों से बना ध्वज नहीं, बल्कि भारत के गौरव, त्याग, शौर्य, एकता और संकल्प का प्रतीक है। देश को स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान से प्राप्त हुई है। हमारा दायित्व है कि हम उनके बलिदान को केवल स्मरण ही न करें, बल्कि अपने कर्मों के माध्यम से राष्ट्र को और मजबूत बनाने का संकल्प भी लें।

उन्होंने कहा कि आज भारत आत्मविश्वास के साथ विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने नागरिकों से जाति, क्षेत्र और व्यक्तिगत भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा मजबूत, स्वच्छ, विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।राजीव शर्मा ने कहा कि शिवालिक नगर को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और विकसित नगर बनाना नगर पालिका की प्राथमिकता है। नगर के विकास के साथ नागरिक सुविधाओं के विस्तार और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगरवासियों से आह्वान किया कि हर घर में तिरंगा, हर हृदय में देशभक्ति और हर कदम राष्ट्र निर्माण की भावना हो। यही स्वतंत्रता संग्राम के सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।अंत में नगर पालिका अध्यक्ष ने समस्त नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और देश की एकता, अखंडता एवं प्रगति के लिए मिलकर कार्य करने का संदेश दिया।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *