पिरान कलियर:(जीशान मलिक)जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर रहमतपुर गांव में उल्लास और रौनक का माहौल देखने को मिला। गांव की गलियों और प्रमुख स्थानों को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया, जिससे पूरा गांव रात के समय आकर्षक नजर आया। त्योहार को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
गांव स्थित साबरी जमा मस्जिद को भी आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया गया। मस्जिद की रोशनी और आसपास की सजावट ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। शाम होते ही रंगीन लाइटों से जगमगाते गांव का नजारा देखते ही बन रहा था।ईद मिलादुन्नबी के मद्देनजर गांव में जगह-जगह सजावट की गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मौके पर हर वर्ष गांव में उत्साह के साथ आयोजन किए जाते हैं। इस बार भी लोगों ने आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ जश्न मनाने की तैयारियां की हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी का संदेश प्रेम, भाईचारे और इंसानियत का है। गांव में की गई आकर्षक सजावट ने त्योहार की खुशी को और बढ़ा दिया है। देर शाम तक लोग सजावट देखने के लिए घरों से निकलते रहे और रोशनी से सजे गांव का आनंद लेते नजर आए।

