भगवानपुर:(जीशान मलिक) तहसील भगवानपुर के मून चिल्ड्रन एकेडमी हाई स्कूल में रविवार को ‘रहनुमा-ए-इंसानियत वेलफेयर ट्रस्ट’ द्वारा एक भव्य ‘प्रतिभा सम्मान समारोह’ आयोजित किया गया। सम्मान समारोह में हाई स्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में 70 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी और सम्मान पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
इस आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भगवानपुर विधायक ममता राकेश ने फीता काटकर किया। मेधावियों को सम्मानित करते हुए उन्होंने कहा, “भगवानपुर के छात्र-छात्राओं ने 70% से ऊपर अंक लाकर न केवल अपने माता-पिता और गांव का, बल्कि पूरे उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। बच्चे देश का भविष्य हैं। मैं सभी के उज्जवल भविष्य की कामना करती हूं।”
विशिष्ट अतिथि सुश्री रूही अंजुम ने कहा कि आज बेटियां सोफिया कुरैशी की तरह हर क्षेत्र में बेटों से ज्यादा मेहनत कर देश का नाम चमका रही हैं। छात्रों को भी इससे प्रेरणा लेकर अपना मुकाम बनाना चाहिए। नगर पंचायत अध्यक्ष गुलबहार अली ने भी बच्चों को पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया।
‘रहनुमा-ए-इंसानियत वेलफेयर ट्रस्ट’ के अध्यक्ष मौलाना अब्दुल्लाह नफीस मज़ाहिरी ने कहा, “हर साल की तरह इस साल भी लड़कों के मुकाबले लड़कियों ने 70% से अधिक अंक लाकर बाजी मारी है। लड़के इस दौड़ में पीछे क्यों छूट रहे हैं, इस पर माता-पिता और शिक्षकों को गंभीरता से विचार करना चाहिए।”
उपाध्यक्ष मुफ्ती अब्दुल वाहिद ने संस्कारों पर जोर देते हुए कहा कि जो बच्चे माता-पिता और गुरुजनों का आदर नहीं करते, वे जीवन में सफल नहीं हो सकते। सय्यद कारी मुबाशिर ने बच्चों से कहा कि अच्छे अखलाक और पढ़ाई से माता-पिता का नाम रोशन करें।सरफराज एडवोकेट ने कहा कि ट्रस्ट के गांव-गांव में चलाए गए शिक्षा और नशा-मुक्ति जागरूकता अभियानों का असर है कि अब तहसील में लड़ाई-झगड़े और नशे के मामलों में भारी कमी आई है।
इस अवसर पर अरशद एडवोकेट, डॉक्टर इरकान,अशरफ, इंजीनियर हाजी मुदस्सिर,नौशाद अली और नूर अली एडवोकेट को ट्रस्ट का नया सदस्य बनाया गया।
इस आयोजित प्रोग्राम में कक्षा 12 में रमसा,मरियम,नवेद जमाल प्रथम पर रहे। वही अर्शी, अजीज द्वितीय स्थान,रजिया/अखलाक तृतीय स्थान प्राप्त किया।
साथ ही कक्षा 10 में जारा,अरशद प्रथम स्थान पर रहे।रजिया,इनाम द्वितीय स्थान, जारा मलिक,अमजद तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस आयोजित कार्यक्रम में मुफ्ती सलीम, मुफ्ती नदीम, कारी हुसैन अहमद, अय्यूब सभासद, एडवोकेट सलमान, उस्मान प्रधान, राव इकबाल, हाजी जमील सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

