
टिहरी:(जीशान मलिक) कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए टिहरी पुलिस पूरी मुस्तैदी से मैदान में उतर चुकी है। सेवा, संवेदनशीलता और सुरक्षा के संकल्प के साथ एसएसपी श्वेता चौबे ने शनिवार को मुनि की रेती क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने सबसे पहले मेला ड्यूटी में तैनात सहयोगी एसपीओ से मुलाकात की। उन्होंने सभी को टी-शर्ट, टोपी एवं पहचान पत्र वितरित कर उत्कृष्ट और समर्पित ड्यूटी निभाने के लिए प्रोत्साहित किया। एसएसपी ने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ पुलिस का व्यवहार ही मेले की छवि तय करेगा।इसके बाद उन्होंने खोया-पाया केंद्र का भी दौरा किया। वहां तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि वे संवेदनशीलता और तत्परता के साथ ड्यूटी करें ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो।

कांवड़ यात्रा पर आए श्रद्धालुओं से आत्मीयता से मिलते हुए एसएसपी श्वेता चौबे ने स्वयं फल, जूस, बिस्किट और पेयजल वितरित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। श्रद्धालुओं ने पुलिस की इस पहल की सराहना की।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसएसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और प्रभावी भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर दिया।

