रुड़की:(जीशान मलिक)हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (HRDA) ने ग्राम शिकारपुर में ग्राम समाज की भूमि पर हो रहे अवैध दो मंजिला निर्माण पर बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य तुरंत रुकवाया और भवन को सील कर दिया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों की शिकायत पर HRDA की टीम गांव पहुंची। जांच में पता चला कि विकास पुत्र बिजेन्दर उर्फ मांगा, निवासी ग्राम शिकारपुर द्वारा ग्राम समाज की जमीन पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराए दो मंजिला भवन का निर्माण तेजी से किया जा रहा था। निर्माणकर्ता के पास भूमि संबंधी जरूरी दस्तावेज भी नहीं मिले।
HRDA अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाते हुए तुरंत काम बंद कराया और भवन सील कर दिया। अधिकारियों ने साफ कहा कि ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जा या निर्माण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
स्थानीय ग्रामीणों ने HRDA की कार्रवाई का स्वागत किया। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सरकारी जमीन पर कब्जों की शिकायत की जा रही थी। अब प्रशासन की सख्ती से लोगों का भरोसा बढ़ा है।
HRDA ने चेतावनी दी है कि बिना स्वीकृति के हो रहे निर्माणों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। नियम तोड़ने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

