
देहरादून:(जीशान मलिक) श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय जॉलीग्रांट में श्रीकृष्ण जन्म महोत्सव हर्षोल्लास, भक्ति और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस दौरान पूरे वाहिनी परिसर में धार्मिक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा। अधिकारियों और जवानों ने भगवान श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना कर जन्मोत्सव मनाया।महोत्सव के दौरान आवासीय परिसर में रहने वाले पुलिसकर्मियों के परिवारजनों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। वहीं वाहिनी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु आरक्षियों ने भी विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण बढ़ाया।


इस अवसर पर एसडीआरएफ के सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने बच्चों एवं अन्य प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उपहार प्रदान किए। उन्होंने सभी प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाया और आयोजन में सहभागिता के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन वाहिनी परिवार में आपसी प्रेम, सौहार्द और एकजुटता को मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजनों से बच्चों और जवानों में उत्साह बढ़ने के साथ ही भारतीय सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं के प्रति जुड़ाव भी मजबूत होता है।

कार्यक्रम में उप सेनानायक शुभांक रतूड़ी, सहायक सेनानायक सुशील रावत एवं संजय उप्रेती, शिविरपाल आनंद सिंह रावत सहित वाहिनी के अधिकारी, कर्मचारी, जवान, प्रशिक्षु आरक्षी और उनके परिवारजन मौजूद रहे।

