
टिहरी गढ़वाल:(जीशान मलिक) राष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद नरेंद्रनगर में पीपुल्स ऑर्गेनाइजेशन फॉर साइंटिफिक एजुकेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षा, स्काउट-गाइड, कला, व्यायाम समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों एवं पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. सुबोध उनियाल ने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षकों से पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने सरकारी विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाने पर जोर देते हुए कहा कि अभिभावकों को सरकारी विद्यालयों में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति विश्वास दिलाना जरूरी है, ताकि अधिक से अधिक बच्चे सरकारी स्कूलों में प्रवेश लें।


कैबिनेट मंत्री ने उत्तराखंड में शिक्षा के क्षेत्र में हुए विकास एवं सुधारों का उल्लेख करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा समेत मूलभूत सुविधाओं को और मजबूत करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने गांवों से हो रहे पलायन को रोकने के लिए शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं के विस्तार को महत्वपूर्ण बताया।इस दौरान उत्तराखंड शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं और मांगों से संबंधित मांग-पत्र मुख्य अतिथि को सौंपा। मांग-पत्र में सीटीईटी एवं यूटीईटी जैसी शिक्षक पात्रता परीक्षाओं से संबंधित छूट तथा चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान में अतिरिक्त वेतनवृद्धि दिए जाने जैसी मांगें प्रमुख रहीं। डॉ. उनियाल ने शिक्षकों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें सरकार के समक्ष रखने तथा अपने स्तर से आवश्यक प्रयास करने का आश्वासन दिया।

समारोह में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की भूमिका को भी रेखांकित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि स्काउट-गाइड गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित होती है। इस क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के आयोजन में पीपुल्स ऑर्गेनाइजेशन फॉर साइंटिफिक एजुकेशन ट्रस्ट के निदेशक अलख नारायण दुबे, उपाध्यक्ष रामाश्रय सिंह, सचिव डॉ. मीनाक्षी मिश्रा तथा सह-सचिव वीरेंद्र दत्त कुड़ियल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने मुख्य अतिथि, सम्मानित शिक्षकों, स्काउट-गाइड पदाधिकारियों और उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
समारोह में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स टिहरी गढ़वाल के जिला आयुक्त रमेश चन्द्र खत्री, जिला सचिव ब्रह्म प्रकाश सिंह, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) आदित्य नारायण सिंह, सहायक जिला सचिव अनुराखी बौद्ध, जिला कोषाध्यक्ष वीरेंद्र दत्त कुड़ियाल, जिला विकास समन्वयक राम कृष्ण पोखरियाल, प्रदेश मीडिया प्रभारी विश्व प्रकाश मेहरा सहित विभिन्न विकासखंडों के सचिव, संगठन आयुक्त, प्रशिक्षण आयुक्त एवं अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
समारोह का उद्देश्य शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करने के साथ शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रेरित करना तथा समाज एवं राष्ट्र निर्माण में शिक्षक और स्काउट-गाइड की भूमिका को और मजबूत करना रहा।

