हरिद्वार:(ज़ीशान मलिक)जनपद में घरेलू गैस की कालाबाजारी और घटतौली रोकने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी क्रम में जिला पूर्ति विभाग और सिडकुल थाना पुलिस ने रावली महदूद क्षेत्र में छापेमारी कर अवैध रिफिलिंग के खेल का भंडाफोड़ किया है। टीम ने मौके से 10 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
छापेमारी से मचा हड़कंप
जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि जिलाधिकारी के सख्त आदेश हैं कि जिले में कहीं भी गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण या रिफिलिंग न हो। इसी सूचना के आधार पर पूर्ति निरीक्षकों की टीम ने रावली महदूद में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को अवैध रूप से सिलेंडर से गैस रिफिल करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया।
टीम में ये रहे शामिल
इस सफल कार्रवाई में मुख्य रूप से पूर्ति निरीक्षक प्रकाश फर्त्याल, अरुण सैनी और सिडकुल थाने की पुलिस टीम शामिल रही। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

