हरिद्वार:(जीशान मलिक) जनपद में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागीय एवं प्रशासनिक अधिकारियों को पूर्ण सतर्कता बरतने और अलर्ट मोड में कार्य करने के निर्देश दिए हैं।DM ने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें। जलभराव, सड़क अवरुद्ध होने या किसी भी आपदा की सूचना मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करें।
उन्होंने निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में जलभराव की समस्या है वहां संबंधित विभाग तुरंत प्रभावी जल निकासी की व्यवस्था करें, ताकि आमजन को असुविधा न हो।साथ ही बारिश के कारण यदि किसी सरकारी या निजी संपत्ति को क्षति पहुंचती है तो उसका तुरंत आकलन कर उसकी विस्तृत सूचना जिला आपदा कंट्रोल रूम को भेजी जाए।
जिलाधिकारी ने हरिद्वार आने वाले श्रद्धालुओं और शिवभक्तों से अपील की कि लगातार बारिश के कारण गंगा घाटों और नदी तटों पर विशेष सतर्कता बरतें। तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और प्रशासन व पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। किसी भी प्रकार का जोखिम न उठाएं।उन्होंने नदी किनारे रहने वाले लोगों से भी सतर्क रहने को कहा। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए अनावश्यक रूप से नदी के समीप न जाने की सलाह दी।DM ने कहा कि आपदा की स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई कर जनहानि और संपत्ति की क्षति को न्यूनतम रखा जाए। इसके लिए सभी अधिकारी पूरी तत्परता से काम करें।प्रशासन ने सभी नागरिकों से सहयोग और संयम बनाए रखने की अपील की है।

