पिरान कलियर:(जीशान मलिक) पिरान कलियर में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हिंदू रक्षा दल के कुछ पदाधिकारियों पर धार्मिक भावनाएं आहत करने और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए सैकड़ों लोगों ने रविवार को पिरान कलियर कोतवाली पहुंचकर तहरीर सौंपी और मुकदमा दर्ज करने की मांग की।तहरीर देने वालों में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सलीम अहमद, रामपुर नगर पंचायत अध्यक्ष परवेज सुल्तान, सभासद प्रतिनिधि गुलफाम साबरी, राशिद अली, अजीम सलमानी, गुलजार चौधरी समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल थे।
हिंदू रक्षा दल के प्रदेश अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल किया है। उस वीडियो में कलियर स्थित वक्फ बोर्ड की मस्जिद, दरगाह और अन्य धार्मिक स्थलों को “अवैध” बताते हुए उन्हें तोड़ने और “कलियर पर चढ़ाई” करने जैसी बातें कही गई हैं।तहरीर में कहा गया कि पिरान कलियर देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और यहां सर्वधर्म समभाव की मिसाल मिलती है। इस तरह के बयान क्षेत्र के आपसी भाईचारे को प्रभावित कर धार्मिक उन्माद फैला सकते हैं। आरोप है कि संबंधित लोगों ने पहले भी कलियर को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी ने बताया कि तहरीर प्राप्त कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।इस दौरान शादाब, मुत्ताहिद, सोनू कश्यप, सोएब, सद्दाम, अशरफ, नवाब, नोमी मियां समेत सैकड़ों लोग कोतवाली में मौजूद रहे।

