Breaking
20 Apr 2026, Mon

अंतर्राष्ट्रीय भ्रष्टाचार निषेध दिवस पर हरिद्वार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

हरिद्वार, 9 दिसंबर 2025 — उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार द्वारा विकास भवन रोशनाबाद स्थित सभागार में अंतर्राष्ट्रीय भ्रष्टाचार निषेध दिवस के अवसर पर एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नरेन्द्र दत्त ने की।

कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संदीप कुमार, मुख्य जिला विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिमरनजीत कौर, जिला समाज कल्याण अधिकारी अविनाश भदोरिया सहित विकास भवन में कार्यरत कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संदीप कुमार ने अपने संबोधन में भ्रष्टाचार को एक गंभीर सामाजिक बुराई बताते हुए कहा कि इसकी रोकथाम के लिए जागरूकता के साथ-साथ दंडात्मक प्रावधानों की जानकारी होना भी आवश्यक है। मुख्य जिला विकास अधिकारी ने भी भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला जज नरेन्द्र दत्त ने अपने संबोधन में महर्षि वाल्मीकि के जीवन की एक प्रेरक घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि व्यक्ति अक्सर परिवार के लिए गलत कार्य करता है, लेकिन बाद में वही परिवार उसका साथ नहीं देता। इसलिए भ्रष्टाचार जैसे गलत कार्यों से सदैव बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि हम सभी मिलकर ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करें, तो हमें ऐसे दिवस मनाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

कार्यक्रम के अंत में सचिव सिमरनजीत कौर ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *