Breaking
20 Apr 2026, Mon

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर CM योगी का संदेश: “योग शरीर ही नहीं, मन को भी बनाता है स्वस्थ”

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर CM योगी का संदेश: “योग शरीर ही नहीं, मन को भी बनाता है स्वस्थ”

गोरखपुर,आलम अंसारी,भगवा सनातन टाइम्स  21 जून 2025

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कहा कि योग केवल शरीर को ही नहीं, बल्कि मन को भी स्वस्थ रखने का माध्यम है। उन्होंने योग को भारत की ऋषि परंपरा की अमूल्य देन बताते हुए कहा कि भारत ने इसे लोक कल्याण का माध्यम बनाकर विश्व कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया है।

 

मुख्यमंत्री शनिवार को गोरखपुर स्थित महंत दिग्विजय नाथ स्मृति भवन सभागार में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, “योग धर्म, कर्म और मोक्ष सहित सभी कार्यों की मूलभूत आवश्यकता – स्वस्थ शरीर – को पूरा करता है। योग से ही व्यक्ति आध्यात्मिक उन्नति की ओर बढ़ सकता है।”

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में विशेष योग सत्र आयोजित किए गए, जो सुबह 6 बजे से शुरू हुए। इस वर्ष योग दिवस की थीम थी: “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग”।

राजधानी लखनऊ में राजभवन में भी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने हिस्सा लिया। योग दिवस पर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में नागरिकों ने योग कार्यक्रमों में भागीदारी की।

 

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में यह भी कहा, “भारतीय ज्ञान परंपरा ने हमें प्राचीन काल से ही योग की महत्ता बताई है। यह न केवल हमारी सांस्कृतिक धरोहर है, बल्कि आज के समय में एक वैश्विक समाधान भी बन चुका है।”

योग दिवस पर पूरे प्रदेश में सरकारी और सामाजिक संगठनों द्वारा विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग के महत्व को समझा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *