हरिद्वार:(जीशान मलिक) केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की सेकेंड बोर्ड परीक्षाएं 15 मई से 1 जून 2026 तक हरिद्वार नगर क्षेत्र के 8 केंद्रों पर आयोजित होंगी। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सभी केंद्रों के आसपास 200 मीटर दायरे में धारा 163 लागू कर दी है।
“इन 8 केंद्रों पर होगी परीक्षा”
नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि परीक्षा सेंट मेरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ज्वालापुर, द विजडम ग्लोबल स्कूल, गायत्री विद्यापीठ शांतिकुंज, महर्षि विद्या मंदिर, शांति मेमोरियल पब्लिक स्कूल, शिवडेल पब्लिक स्कूल, डीएपी सेंचुरी पब्लिक स्कूल तथा अचीवर होम पब्लिक स्कूल में आयोजित होगी।
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत जारी निषेधाज्ञा में कहा गया है कि परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर दायरे में जिला मजिस्ट्रेट या अपर जिला मजिस्ट्रेट की अनुमति के बिना 5 या अधिक लोग जमा नहीं हो सकेंगे। इस परिधि में सार्वजनिक सभा, जुलूस, धरना-प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
आदेश के मुताबिक परीक्षा केंद्र परिसर में परीक्षार्थी पाठ्य सामग्री, सेलुलर फोन या पेजर नहीं ले जा सकेंगे। केंद्र के 200 मीटर दायरे में लाठी, चाकू, तलवार, भाला, आग्नेयशस्त्र, विस्फोटक पदार्थ ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। निर्धारित मानकों से अधिक ध्वनि प्रदूषण पर भी रोक लगाई गई है।
नगर मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था में नियुक्त अधिकारी-कर्मचारी और पुलिस बल के अलावा कोई भी व्यक्ति परिधि में प्रवेश नहीं करेगा। आदेश का उल्लंघन भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत दंडनीय होगा।


