
हरिद्वार:(जीशान मलिक)शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमणमुक्त करने के लिए जिला प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में शुक्रवार को नगर मजिस्ट्रेट हरि गिरी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने ललतारौ पुल से बाल्मीकि चौक तक व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।अभियान के दौरान सड़क किनारे, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। प्रशासन की कार्रवाई शुरू होते ही अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कई दुकानदार और अन्य अतिक्रमणकारी प्रशासनिक टीम को मौके पर पहुंचता देख स्वयं ही अपना सामान समेटते नजर आए। वहीं, जिन स्थानों पर अतिक्रमण नहीं हटाया गया, वहां टीम ने सख्ती बरतते हुए अवैध कब्जे हटाए।


नगर मजिस्ट्रेट हरि गिरि के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथों और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण करने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी।प्रशासन की ओर से कहा गया कि शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों को आमजन के आवागमन के लिए सुगम बनाए रखना प्राथमिकता है। यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान जिला प्रशासन, नगर निगम की टीम और पुलिस बल मौजूद रहा।


