
रुड़की:(रागिब नसीम)रुड़की की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। यशपाल राणा ने अपने फेसबुक पेज पर कांग्रेस में शामिल होने को लेकर कार्यक्रम की जानकारी साझा की है। पोस्ट के मुताबिक, अपने समर्थकों के साथ देहरादून पहुंचकर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे।


यशपाल राणा ने बताया कि सोमवार सुबह करीब आठ बजे सभी समर्थक नेहरू स्टेडियम में एकत्र होंगे, जहां से देहरादून के लिए प्रस्थान किया जाएगा। इसके बाद कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में उनकी जॉइनिंग कराई जाएगी।यशपाल राणा के कांग्रेस में शामिल होने की चर्चा के बीच रुड़की की सियासत में भी नए समीकरण बनने लगे हैं। आगामी चुनाव को लेकर कांग्रेस में टिकट के दावेदारों की तस्वीर अब और दिलचस्प होती दिखाई दे रही है। कांग्रेस से टिकट के प्रमुख दावेदारों में सचिन गुप्ता, पूर्व मेयर गौरव गोयल और अब यशपाल राणा का नाम भी चर्चा में आ गया है।

यशपाल राणा के कांग्रेस में शामिल होने के बाद पार्टी के भीतर चुनावी समीकरण किस दिशा में करवट लेते हैं, यह देखने वाली बात होगी। वहीं, टिकट को लेकर दावेदारों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा ने रुड़की की सियासत को और रोचक बना दिया है। अब सबकी नजर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के फैसले पर टिकी है कि आगामी चुनाव में पार्टी किस चेहरे पर अपना भरोसा जताती है।

