Breaking
31 Jul 2026, Fri

स्वच्छ कार सेवा समिति की संगठन विस्तार बैठक संपन्न, सफाई कर्मचारियों के हितों और एक लाख सदस्यता अभियान पर हुई चर्चा

हरिद्वार:(चीफ एडिटर) स्वच्छ कार सेवा समिति (रजिस्टर्ड), हरिद्वार उत्तराखंड द्वारा संगठन विस्तार को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन संगठन के सचिव आशीष कालरा के निवास पर किया गया। बैठक में संगठन के अध्यक्ष कन्हैया चंचल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, सफाई कर्मचारियों के हितों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष कन्हैया चंचल ने कहा कि स्वच्छ कार सेवा समिति का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को एक मंच पर लाकर सामाजिक एकता, जनसेवा और मानव सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि संगठन किसी भी जाति, धर्म, वर्ग या समुदाय के आधार पर भेदभाव नहीं करता। यह संगठन हर पीड़ित, जरूरतमंद, शोषित और मजदूर वर्ग के लोगों के साथ खड़ा है तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव प्रयास करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि संगठन विशेष रूप से नगर निगम एवं नगर पालिकाओं में कार्यरत सफाई कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करेगा। बैठक में सफाई कर्मचारियों के साथ कथित रूप से हो रहे शोषण के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया और कहा गया कि यदि किसी कर्मचारी के साथ अन्याय होता है तो संगठन उसकी आवाज़ बनने का कार्य करेगा।बैठक में यह भी कहा गया कि उत्तराखंड के मूल निवासियों को रोजगार एवं अवसरों में प्राथमिकता मिलनी चाहिए। संगठन ने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर राज्य से बाहर के लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि उत्तराखंड के मूल निवासियों की उपेक्षा हो रही है। इस विषय को संबंधित विभागों और शासन स्तर तक उठाने का निर्णय लिया गया।

संगठन के सचिव आशीष कालरा ने बताया कि समिति पूरे उत्तराखंड में एक लाख सदस्य जोड़ने का अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी जिलों, नगरों और ग्रामीण क्षेत्रों में सदस्यता अभियान चलाया जाएगा तथा नई इकाइयों का गठन किया जाएगा, ताकि संगठन की पहुंच हर जरूरतमंद व्यक्ति तक हो सके।बैठक में संगठन की ओर से समाज के स्वयंभू (कथित) ठेकेदारों को भी चेतावनी दी गई। पदाधिकारियों ने कहा कि समाज को गुमराह करने या निजी स्वार्थ के लिए समाज का प्रतिनिधित्व करने का दावा करने वालों से सावधान रहने की आवश्यकता है। संगठन ने स्पष्ट किया कि वह लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से समाज, मजदूरों और सफाई कर्मचारियों के अधिकारों के लिए संघर्ष करता रहेगा।

बैठक में सचिव आशीष कालरा, उपाध्यक्ष बबीता पवार, श्याम सिंह, कार्यकारिणी सदस्य रीना पवार, किरण पर्चा, अभिषेक चौटाला, अरविंद चंचल, सनी, सर्वेश कुमार, सुनीता, सलाहकार एडवोकेट अनिल टॉक, कार्यकारिणी सदस्य विजय कुमार, सोनिया, मंत्री मुकेश डिगन, सदस्य मोनू कल्याण सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *