Breaking
15 Jun 2026, Mon

हरिद्वार में बनेगा अत्याधुनिक बॉक्सिंग ट्रेनिंग सेंटर, खिलाड़ियों को मिलेगा लाभ

हरिद्वार में बनेगा अत्याधुनिक बॉक्सिंग ट्रेनिंग सेंटर, खिलाड़ियों को मिलेगा लाभ

हरिद्वार, 29 जून।

जिला मुक्केबाजी संघ की आम बैठक शनिवार को रानीपुर मोड़ स्थित कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में इस वर्ष आयोजित की जाने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं, सरकारी योजनाओं और खेल से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए संघ अध्यक्ष डा. विशाल गर्ग ने हरिद्वार में एक अत्याधुनिक मुक्केबाजी प्रशिक्षण केंद्र की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने बताया कि केंद्र के अभाव में जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जल्द ही खिलाड़ियों को एक पूर्ण सुविधाओं से युक्त प्रशिक्षण केंद्र उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे जिले के सभी खिलाड़ी लाभान्वित होंगे।

संरक्षक रोहन सहगल ने 38वें राष्ट्रीय खेलों की सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड में खेलों के प्रति बढ़ती रुचि उत्साहजनक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों को खेलों में हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित करें। साथ ही उन्होंने बताया कि मुक्केबाजी को बढ़ावा देने के लिए सरकार योजनाएं ला रही है, जिनका लाभ हरिद्वार के खिलाड़ियों तक पहुंचाने हेतु जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

बाल कल्याण समिति की सदस्य सुनीता चौधरी ने बताया कि मातृ आंचल कन्या विद्यापीठ, जगजीतपुर की बालिकाओं को भी मुक्केबाजी प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा और इस खेल को आत्मरक्षा के रूप में भी प्रचारित किया जाएगा।

उपाध्यक्ष डा. प्रदीप चौधरी ने छात्रवृत्ति योजना की घोषणा करते हुए कहा कि बेहतर प्रदर्शन करने वाली बालिका मुक्केबाजों को प्रति माह ₹1000 की छात्रवृत्ति दी जाएगी।

उपाध्यक्ष कविंद्र चौधरी ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा सभी विभागों में 4 प्रतिशत खेल कोटा लागू किया गया है। खेलों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखने की दिशा में सरकार गंभीर प्रयास कर रही है।

उपाध्यक्ष किशन सिंह महर ने ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु जागरूकता अभियान की आवश्यकता बताई। उन्होंने गोकुलपुर जीएफएस आर्मी अकादमी के खिलाड़ी शिवांक सैनी के उत्तराखंड स्पोर्ट्स हॉस्टल में चयन पर हर्ष व्यक्त किया।

बैठक में तीन सदस्यीय जिला चयन समिति का भी गठन किया गया। किशन सिंह महर को मुख्य चयनकर्ता तथा सुनीता चौधरी और सुधीर जोशी को सदस्य नामित किया गया। सभी पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

बैठक में डा. प्रदीप कुमार, विपिन चौधरी, कोषाध्यक्ष सुधीर जोशी, सचिव नवीन चौहान, सह सचिव राकेश चौधरी समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *