हरिद्वार:(चीफ एडिटर) माननीय राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार द्वारा वन आश्रित समुदायों के लिए गठित ग्राम सभा व वन अधिकार समिति के सहयोग से बुधवार को सेला पर्व मनाया गया। जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार नरेन्द्र दत्त के आदेशानुसार वन गुज्जर बस्ती तपडोवाली, तारबाड गुज्जर खत्ता एवं गुजराडा, गैंडीखाता निकट चिडियापुर रेंज श्यामपुर में पौधारोपण कर सेला पर्व मनाया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सचिव/सिविल जज (एस0डी0) जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार सिमरनजीत कौर रहीं। उन्होंने गुज्जर बस्तियों के सदस्यों के साथ पौधारोपण किया। इसके साथ ही बहुउदेश्य शिविर का आयोजन भी किया गया।कार्यक्रम की मुख्य विशेषता यह रही कि गुज्जर बस्तियों की समस्याओं के समाधान के लिए सहायक समाज कल्याण अधिकारी ब्लॉक बहादराबाद, जिला बाल कल्याण समिति के सदस्यगण और वन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। वन गुर्जर ट्राइबल युवा संगठन की विधिक सहायता के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उनकी समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई। उनके ज्ञापन व आवेदनों पर कार्यवाही हेतु संबंधित को पत्र प्रेषण का आश्वासन दिया गया।
इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यों और निःशुल्क मिलने वाली विधिक सहायता के बारे में भी जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि ने श्री राम आश्रम श्यामपुर में स्थापित बाल गृह और थाना श्यामपुर में स्थापित विधिक सहायता केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकार मित्र को उचित दिशा-निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम में गैंडीखाता, तपडोवाली, तारबाड गुज्जर खत्ता एवं गुजराडा, गैंडीखाता निकट चिडियापुर रेंज श्यामपुर की अनेक वन गुज्जर बस्तियों के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समाज कल्याण विभाग से उप जिला समाज कल्याण अधिकारी ममता जी, जिला बाल कल्याण समिति के सदस्य, वन विभाग के कर्मचारी और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के लॉ इंटर्न भी मौजूद रहे।

