Breaking
11 Aug 2026, Tue

सुबह की सफाई बनी जिंदगी की आखिरी घड़ी! घर में झाड़ू लगाते ही महिला को सांप ने डसा, महिला की मौत

पिरान कलियर:(जीशान मलिक) सोमवार की सुबह रहमतपुर गांव में एक दर्दनाक और खौफनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। जिस घर में रोज की तरह सुबह की शुरुआत साफ-सफाई से हुई थी, वहीं कुछ ही पलों में चीख-पुकार मच गई। घर में झाड़ू लगा रही करीब 65 वर्षीय फूलमती को अचानक सांप ने हाथ पर डस लिया। सांप के डसते ही महिला की हालत बिगड़ने लगी और परिजन घबराकर उन्हें उपचार के लिए लेकर दौड़े, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 6 बजे फूलमती अपने घर में झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान अचानक एक सांप सामने आ गया और इससे पहले कि महिला कुछ समझ पातीं, सांप ने उनके हाथ पर डस लिया। घटना के बाद महिला के परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घरवालों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए ले जाने की व्यवस्था की।महिला को अस्पताल ले जाते समय परिजनों की सांसें अटकी रहीं और उन्हें बचाने की उम्मीद में हर संभव प्रयास किया गया। लेकिन उपचार के दौरान फूलमती ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

“जिस घर में सुबह की चहल-पहल थी, वहां गूंजने लगीं चीखें”

फूलमती की मौत की खबर जैसे ही आसपास के लोगों को मिली, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बुजुर्ग महिला की अचानक मौत से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

“बरसात में बढ़ा जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा”

ग्रामीणों के अनुसार बारिश के मौसम में सांप और अन्य जहरीले जीव-जंतु अक्सर घरों, खाली स्थानों और झाड़ियों के आसपास दिखाई देते हैं। ऐसे में ग्रामीणों ने लोगों से घर के आसपास साफ-सफाई रखने और विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *