Breaking
21 Apr 2026, Tue

रुड़की के आरोग्यम अस्पताल में 54 बेड आईसीयू और कैथ लैब का लोकार्पण, मंत्री डॉ. धन सिंह रावत रहे मुख्य अतिथि

रुड़की के आरोग्यम अस्पताल में 54 बेड आईसीयू और कैथ लैब का लोकार्पण, मंत्री डॉ. धन सिंह रावत रहे मुख्य अतिथि

हरिद्वार ,हर्ष सैनी ,भगवा सनातन टाइम्स

04 जुलाई 2025 ग्राम करौंदी स्थित आरोग्यम अस्पताल में आज एक नई स्वास्थ्य सुविधा की शुरुआत हुई, जब कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अस्पताल में नवनिर्मित 54 बेड के आईसीयू और अत्याधुनिक कैथ लैब का लोकार्पण किया। इस अवसर पर रुड़की और आसपास के क्षेत्रों के कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। समारोह का भव्य आयोजन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और गरिमामयी आतिथ्य के साथ किया गया।

 

समारोह की शुरुआत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई, जिसमें छात्रों द्वारा प्रस्तुत गढ़वाली नृत्य ने सभी अतिथियों का दिल जीत लिया। इसके बाद ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत डॉ. धन सिंह रावत ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। लोकार्पण के दौरान मंत्री ने कहा कि आरोग्यम अस्पताल द्वारा शुरू की गई यह नई सुविधा स्थानीय लोगों के लिए वरदान साबित होगी, जिससे उन्हें अब बेहतर इलाज के लिए अन्य शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।

 

कार्यक्रम में नर्सिंग प्रधानाचार्या प्रो. नवनीता खीष्ट ने नर्सिंग कोर्सों की जानकारी दी, वहीं पैरामेडिकल प्रधानाचार्य डॉ. राजीव कुमार कौशिक ने पैरामेडिकल शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया।

 

 

संस्थान के चेयरमैन संदीप केडिया ने सभी उपस्थित अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि आरोग्यम अस्पताल पिछले 11 वर्षों से लगातार जनसेवा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने यह भी साझा किया कि अस्पताल में पहले से ही नर्सिंग और पैरामेडिकल कोर्स संचालित हो रहे हैं, जिनसे यहां के छात्र-छात्राएं देश-विदेश में सेवा दे रहे हैं।

 

संस्थान के ट्रस्टी संजय सिकारिया ने भविष्य की योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि जल्द ही 100 सीटों वाला एमबीबीएस मेडिकल कॉलेज प्रारंभ होगा और आगामी दो वर्षों में यह संस्थान विश्वविद्यालय के रूप में विकसित होगा।

कार्यक्रम का समापन महाप्रबंधक मृत्युंजय कुमार श्रीवास्तव द्वारा सभी अतिथियों, चिकित्सकों, शिक्षकों, स्टाफ और छात्रों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया। उन्होंने समारोह की सफलता के लिए संस्थान के सभी कर्मचारियों के योगदान की भी सराहना की।

यह आयोजन क्षेत्रीय स्वास्थ्य सुविधाओं में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *