पिरान कलियर:(ज़ीशान मलिक)थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रहमतपुर में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 36 वर्षीय महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में अपने घर के भीतर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के वक्त पति बाजार गया हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
“बाजार से लौटे पति के उड़े होश”
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रहमतपुर निवासी शहजाद की पत्नी इसराना (36 वर्ष) का शव बुधवार को उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। बताया जा रहा है कि घटना के समय शहजाद कुछ घरेलू सामान लेने बाजार गया हुआ था। जैसे ही वह घर लौटा और कमरे का मंजर देखा, उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। शोर सुनकर मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
“जांच में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार”
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि मृतका के तीन बच्चे हैं, जिनका अपनी मां को खोने के बाद रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल आत्महत्या के ठोस कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।
“पुरे गांव में शोक की लहर”
इस दुखद घटना के बाद से पूरे रहमतपुर गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतका के परिजनों में कोहराम मचा है। ग्रामीण महिला द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम को लेकर हैरान हैं और तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

