हरिद्वार:(चीफ एडिटर)दिल्ली पब्लिक स्कूल रानीपुर में बुधवार को विश्व पृथ्वी दिवस धूमधाम से मनाया गया। प्रेप से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने पोस्टर, निबंध, भाषण और नुक्कड़ नाटक के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विशेष प्रार्थना सभा में छात्रों ने प्राकृतिक आपदाओं और पृथ्वी संकट पर प्रस्तुतियां दीं। प्लास्टिक के दुष्प्रभाव और स्वच्छता पर बच्चों के विचार सराहे गए। छोटे बच्चों ने परिसर में रैली निकालकर ‘धरती बचाओ’ का नारा लगाया।
“गूंज के साथ चलाया ‘रीयूज’ अभियान”
इस मौके पर स्कूल ने सामाजिक संस्था ‘गूंज’ के साथ मिलकर अनूठी पहल की। बच्चों ने अपने प्रयोग किए हुए स्कूल बैग, वाटर बॉटल, यूनिफॉर्म, जूते, कॉपी-किताबें, लंच बॉक्स समेत अन्य सामग्री दान की। गूंज संस्था इन्हें जरूरतमंदों तक पहुंचाएगी।
प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने कहा कि हर व्यक्ति को पृथ्वी को हरा-भरा रखने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने छात्रों को कचरा प्रबंधन और ग्रीन एनर्जी अपनाने के लिए प्रेरित किया। अंत में सभी विद्यार्थियों व शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली।

