Breaking
17 Sep 2026, Thu

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन के निर्देश: गैस-राशन का पर्याप्त स्टॉक रखें, फर्जी वीडियो पर होगी FIR 

देहरादून:(जीशान मलिक) मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को गैस, राशन, खाद्यान्न, डीजल और पेट्रोल समेत सभी जरूरी वस्तुओं का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। सचिवालय में हुई बैठक में उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में दूरस्थ क्षेत्रों तक तुरंत राहत पहुंचाने के लिए पहले से रणनीति तैयार रखें।

मुख्य सचिव ने स्वास्थ्य विभाग को मानसून में फैलने वाली संक्रामक और जलजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाने को कहा। उन्होंने अभी से फॉगिंग अभियान चलाने और स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट मोड में रखने के निर्देश दिए। आपात स्थिति के लिए हेली एंबुलेंस सेवाएं भी तैयार रखने को कहा गया है।

बर्द्धन ने हाइड्रोमेट सिस्टम, सेंसर और सैटेलाइट फोन का नियमित परीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि मौसम संबंधी अलर्ट आम लोगों तक तुरंत पहुंचना जरूरी है। इसके लिए सचेत ऐप और सेल ब्रॉडकास्ट तकनीक का ज्यादा इस्तेमाल करने पर जोर दिया।

“फर्जी वीडियो पर सख्त कार्रवाई के आदेश”  

मुख्य सचिव ने आपदा से जुड़े भ्रामक और फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर डालने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि ऐसी सूचनाएं लोगों में डर पैदा करती हैं और आपदा प्रबंधन का काम बाधित होता है। अधिकारियों को आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत ऐसे मामलों में तुरंत FIR दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि राज्य में फिलहाल 525 हाइड्रोमेट सेंसर काम कर रहे हैं। इनसे संवेदनशील इलाकों की निगरानी हो रही है। राज्य में 3 डॉप्लर वेदर रडार लगे हैं और 3 नए रडार लगाने का प्रस्ताव है। पिथौरागढ़ में RSRW सिस्टम लगाने की भी योजना है। इससे पहाड़ी इलाकों में मौसम का सटीक पूर्वानुमान मिल सकेगा।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *