मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 79वें स्वतंत्रता दिवस पर किया ध्वजारोहण, प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
लखनऊ,आलम अंसारी,भगवा सनातन टाइम्स
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने सरकारी आवास पर ध्वजारोहण कर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता महान क्रांतिकारियों और स्वाधीनता संग्राम सेनानियों के अमूल्य संघर्ष की देन है, जिन्होंने अपने सर्वस्व का बलिदान देकर भारत को सैकड़ों वर्षों की दासता से मुक्त कराया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता का अर्थ स्वच्छन्दता नहीं है, बल्कि यह हमें अपने राष्ट्रीय कर्तव्यों और उत्तरदायित्वों के प्रति जागरूक होने का अवसर प्रदान करती है। जब हर नागरिक अपने दायित्वों के निर्वहन का संकल्प लेगा, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रस्तुत विकसित भारत का सपना साकार होगा।

उन्होंने कहा कि भारत अपनी स्वतंत्रता के 78 वर्ष पूरे करने के साथ ही संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान के अमृत काल में प्रवेश कर रहा है, जिसने देश को एकता, सामाजिक न्याय, बंधुता और समता के सूत्र में बांधने में अहम भूमिका निभाई है।

मुख्यमंत्री ने देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले और आंतरिक सुरक्षा में योगदान देने वाले ज्ञात-अज्ञात जवानों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने हाल ही में संपन्न ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि इस अभियान ने भारतीय सेना के शौर्य, पराक्रम और सामर्थ्य को पूरी दुनिया के सामने रखा। इसमें हमारे जवानों ने स्वदेशी अस्त्र-शस्त्रों का प्रयोग कर ‘वोकल फॉर लोकल’ का सशक्त संदेश दिया।
प्रदेश के विकास की दिशा में मुख्यमंत्री ने कहा कि वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना के माध्यम से स्थानीय कारीगरों, हस्तशिल्पियों और उद्यमियों को ब्रांडिंग, मार्केटिंग, नई तकनीक और पैकेजिंग से जोड़ा गया है, जिससे उनके उत्पाद राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपनी पहचान बना रहे हैं।

