Breaking
26 Aug 2026, Wed

पिरान कलियर में गूंजेगा अमन का पैगाम, अखिलेश यादव की ओर से चढ़ाई जाएगी चादर

पिरान कलियर:(जीशान मलिक) रबी-उल-अव्वल के ओर दरगाह साबिर पाक के उर्स मुबारक के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से पिरान कलियर शरीफ स्थित दरगाह पर चादर पेश की जाएगी। सपा की ओर से जारी आधिकारिक सूचना के मुताबिक, मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पार्टी नेता माजिद सिद्दीकी अखिलेश यादव की ओर से चादर लेकर पिरान कलियर पहुंचेंगे और सूफी संतों की मौजूदगी में चादरपोशी की जाएगी।समाजवादी पार्टी के लखनऊ स्थित मुख्यालय से 17 अगस्त 2026 को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कार्यक्रम की जानकारी दी गई। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी की ओर से जारी सूचना के बाद सपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में कार्यक्रम को लेकर उत्साह है।

“माजिद सिद्दीकी करेंगे चादरपोशी”

अखिलेश यादव की ओर से भेजी गई चादर को वरिष्ठ सपा नेता माजिद सिद्दीकी पिरान कलियर शरीफ की दरगाह पर पेश करेंगे। उनके साथ एमएच सिद्दीकी और सलीमुद्दीन खान भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में सूफी कमालउद्दीन खुशहाल साहब के अलावा सम्भल से हाजी अकील साबरी समेत अन्य सूफी संतों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।पिरान कलियर शरीफ देश की प्रमुख सूफी दरगाहों में शामिल है, जहां देशभर से विभिन्न धर्मों और समुदायों के जायरीन आस्था के साथ पहुंचते हैं। रबी-उल-अव्वल के अवसर पर दरगाह में विशेष धार्मिक गतिविधियां और चादरपोशी का सिलसिला भी चलता है। क्योंकि 13 रबी उल अव्वल को साबिर पाक का सालाना उर्स मुबारक मनाया जाता है।

“अमन और भाईचारे की होगी दुआ”

सपा की ओर से अखिलेश यादव की तरफ से चादर पेश किए जाने को धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सद्भाव और भाईचारे के संदेश से जोड़कर देखा जा रहा है। चादरपोशी के दौरान देश में अमन-चैन, खुशहाली, आपसी भाईचारे और सौहार्द की दुआ किए जाने की बात कही गई है।पार्टी नेताओं का कहना है कि सूफी परंपरा हमेशा इंसानियत, प्रेम और आपसी भाईचारे का संदेश देती रही है। ऐसे में रबी-उल-अव्वल के मौके पर पिरान कलियर शरीफ में होने वाली यह चादरपोशी सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश देगी।सपा की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, चादरपोशी के दौरान सूफी संतों और पार्टी नेताओं की मौजूदगी में धार्मिक रस्में पूरी की जाएंगी। कार्यक्रम को लेकर पिरान कलियर में सपा समर्थकों और स्थानीय लोगों में भी उत्सुकता बनी हुई है।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *