
हरिद्वार:(जीशान मलिक) राजकीय महाविद्यालय मरगूबपुर में छात्रसंघ चुनाव की आहट के साथ ही छात्र राजनीति का तापमान बढ़ने लगा है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने इस बार कॉलेज की सियासी बिसात पर अपनी रणनीति तेज करते हुए विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए मौ. शाहवेज को मैदान में उतारने का फैसला किया है। छात्र नेता लुकमान की पहल पर शाहवेज के नाम को आगे बढ़ाए जाने के बाद कॉलेज परिसर में चुनावी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।शाहवेज की दावेदारी सामने आते ही समर्थकों ने छात्र-छात्राओं के बीच संपर्क अभियान की तैयारियां शुरू कर दी हैं। संगठन से जुड़े छात्र नेताओं का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के माध्यम से कॉलेज के छात्रहित से जुड़े मुद्दों को विश्वविद्यालय स्तर तक मजबूती के साथ उठाने का प्रयास किया जाएगा।


“पहले चुनाव की नींव, अब संगठन विस्तार की रणनीति!!

मरगूबपुर महाविद्यालय की छात्र राजनीति में वर्ष 2025-26 को अहम मोड़ माना जा रहा है। छात्र नेता लुकमान की सक्रिय पहल के बाद कॉलेज में पहली बार छात्रसंघ चुनाव की शुरुआत हुई। इसके बाद उन्होंने छात्र-छात्राओं के बीच लगातार संपर्क बढ़ाते हुए ABVP को कॉलेज स्तर पर मजबूत करने की दिशा में काम किया।अब वर्ष 2026-27 में संगठन पहले से ज्यादा तैयारी और रणनीति के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में है। संगठन से जुड़े नेताओं का दावा है कि इस बार चुनाव महज पद हासिल करने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि छात्रहित के मुद्दों को केंद्र में रखकर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा।
लुकमान ने कहा कि मौ. शाहवेज को विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर जीत दिलाने के बाद उन्हें श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय महासंघ के चुनाव में भी किसी पद पर प्रत्याशी के तौर पर उतारने की तैयारी है। उनका कहना है कि ABVP विश्वविद्यालय स्तर पर भी मजबूती से चुनाव लड़ेगी और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का प्रयास करेगी।उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में स्थित मरगूबपुर महाविद्यालय समेत हरिद्वार के विभिन्न कॉलेजों की समस्याओं को विश्वविद्यालय तक पहुंचाना और उनके समाधान के लिए प्रभावी पैरवी करना संगठन की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल, मूलभूत सुविधाएं और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार आवाज उठाई जाएगी।
“अध्यक्ष पद पर भी जल्द खुलेगा पत्ता!!
विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद के लिए शाहवेज का नाम सामने आने के बाद अब सभी की निगाहें अध्यक्ष पद के प्रत्याशी पर टिकी हैं। संगठन की ओर से अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के नाम की घोषणा जल्द किए जाने की बात कही गई है। अध्यक्ष पद का चेहरा सामने आते ही मरगूबपुर कॉलेज की चुनावी तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।फिलहाल शाहवेज की दावेदारी ने कॉलेज की छात्र राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है। वर्ष 2025-26 में पहली बार छात्रसंघ चुनाव की शुरुआत से बनी राजनीतिक जमीन पर अब वर्ष 2026-27 में ABVP अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति के साथ आगे बढ़ती दिखाई दे रही है। लुकमान की रणनीति, शाहवेज की दावेदारी और संगठन के विस्तार के दावे ने मरगूबपुर कॉलेज की छात्र राजनीति को चुनावी मोड में ला खड़ा किया है।

