
हरिद्वार:(चीफ एडिटर)राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार की ओर से ग्राम एक्कड़ कलां स्थित पंचायत भवन में बहुउद्देशीय विधिक जागरूकता एवं समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता सिविल जज (एसडी)/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार सिमरनजीत कौर ने की।शिविर में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं से संबंधित करीब 119 आवेदन प्राप्त हुए। संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया। खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से करीब 20 आवेदकों के राशन कार्ड तैयार किए गए। समाज कल्याण विभाग ने भी दो लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया तथा वृद्धावस्था एवं दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी।


स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 49 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान शुगर और ब्लड प्रेशर सहित सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। ग्राम पंचायत विभाग ने भी ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया। वहीं, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव के समक्ष प्रस्तुत प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए भेजा गया।अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर लॉ इंटर्न शीवी ने ग्रामीणों को शिक्षा का अधिकार अधिनियम, शिक्षा के महत्व एवं उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी। सचिव सिमरनजीत कौर ने नालसा शिक्षा योजना-2026, नालसा स्पृहा योजना-2026, वीर परिवार सहायता योजना-2025, नालसा डॉन योजना-2025, नालसा संवाद योजना-2025, एसिड अटैक पीड़ितों के लिए विधिक सेवा योजना-2016 तथा तस्करी एवं व्यावसायिक यौन शोषण के पीड़ितों के लिए विधिक सेवा योजना-2015 सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।डिप्टी एलएडीसी रमन कुमार सैनी ने पात्र लोगों को मिलने वाली निःशुल्क विधिक सहायता एवं विधिक सलाह के संबंध में जानकारी देते हुए नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में बताया। पैनल अधिवक्ता उपेंद्र दत्त शर्मा ने ग्रामीणों को मौके पर ही विधिक सलाह प्रदान की।शिविर में बीडीओ बहादराबाद मानस मित्तल अपनी टीम के साथ, ग्राम प्रधान एकता पटेल सहित स्वास्थ्य, राजस्व, खाद्य आपूर्ति, ग्राम पंचायत एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी व प्रतिनिधि मौजूद रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीण और अधिकार मित्रों ने शिविर में भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया गया।

अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से राजकीय संप्रेक्षण गृह, विशेष गृह एवं बाल गृह रोशनाबाद में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां रिटेनर अधिवक्ता काजल सैनी, असिस्टेंट एलएडीसी रजिया एवं लॉ इंटर्न की मौजूदगी में बच्चों के लिए चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित कराई गईं।

