फोनिक्स ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशन के एनसीसी कैंप में 300 से अधिक कैडेट्स ने लिया भाग
हरिद्वार,भगवा सनातन टाइम्स
इमलीखेड़ा स्थित फोनिक्स ग्रुप ऑफ़ इंस्टिट्यूशन में चल रहे 84 UK NCC बटालियन कैंप के अंतर्गत रविवार को फायर यूनिट रुड़की द्वारा जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में लगभग 300 से अधिक एनसीसी कैडेट्स एवं प्रशिक्षक स्टाफ ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान टीम ने प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग की विधि, एलपीजी सिलेंडर लीक से होने वाले खतरों और आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी। खासतौर पर बिजली की आग पर पानी का उपयोग न करने और तेल की आग पर फोम कंपाउंड के प्रयोग की सलाह दी गई। मौके पर उपकरणों को चलाकर भी दिखाया गया।

प्राथमिक चिकित्सा की जानकारी देते हुए टीम ने जहरीले धुएं से भरे वातावरण में ब्रीदिंग ऑपरेटर सेट के प्रयोग की विधि भी कैडेट्स को समझाई। साथ ही, आपातकालीन नंबर 112 के महत्व और यातायात नियमों जैसे हेलमेट व सीट बेल्ट पहनने की आवश्यकता पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
एनसीसी कैडेट्स को संबोधित करते हुए फायर यूनिट टीम ने कहा कि अनुशासन में रहकर वे किसी भी आपातकालीन स्थिति में समाज और देश की सेवा कर सकते हैं। कार्यक्रम के अंत में 84 UK NCC बटालियन कमांडिंग ऑफिसर ने उपयोगी प्रशिक्षण देने के लिए फायर यूनिट टीम रुड़की का आभार व्यक्त किया।
टीम विवरण:
- लीडिंग फायरमैन: विपिन सैनी
- चालक: मोहन सिंह नेगी
- फायरमैन: मदन सिंह चौहान

