Breaking
6 Aug 2026, Thu

प्रतापगढ़ में बारिश का कहर: जर्जर मकान ढहने से एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत

यूपी:(जीशान मलिक) उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच गुरुवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। जिले के महुली बाजार क्षेत्र में बारिश के कारण एक जर्जर मकान भरभराकर गिर गया, जिससे एक ही परिवार के छह लोगों की मलबे में दबकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।जानकारी के अनुसार, यह हादसा गुरुवार तड़के करीब 2 बजे हुआ। उस समय परिवार के सात सदस्य मकान के एक कमरे में सो रहे थे। अचानक मकान ढह गया और सभी मलबे के नीचे दब गए। परिवार के सदस्य अमन श्रीवास्तव (28) किसी तरह मलबे से बाहर निकलने में सफल रहे और उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को सूचना दी।

स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस, फायर सर्विस और राहत दल ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाकर सभी लोगों को मलबे से बाहर निकाला। घायलों को तत्काल सरकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान प्रमोद श्रीवास्तव (60), उनकी पत्नी रीता श्रीवास्तव (55), बेटे नितिन श्रीवास्तव (25), बहू माधुरी श्रीवास्तव (24), तथा अमन श्रीवास्तव के दो मासूम बेटे माधव (2 वर्ष) और 10 माह के अद्विक के रूप में हुई है।

पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लगातार हो रही बारिश के कारण मकान कमजोर होकर ढह गया, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।लगातार बारिश के बीच हुए इस हादसे ने जर्जर मकानों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई मकान जर्जर स्थिति में है तो उसमें रहने से बचें और सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *