रूड़की:(जीशान मलिक) कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र के डंढेरा में पुरानी रंजिश के चलते एक बैग व्यापारी पर जानलेवा हमला कर दिया गया। आरोपियों ने दुकान में घुसकर व्यापारी को बुरी तरह पीटा। हमले के दौरान व्यापारी ने किसी तरह शटर बंद कर अपनी जान बचाई। पीड़ित ने एसपी देहात और सिविल लाइन कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।पीरपुरा निवासी समीर पुत्र तहसीन की डंढेरा में बैग की दुकान है। समीर का आरोप है कि शाहिद पुत्र ताहिर, राशिद पुत्र ताहिर निवासी पीरपुरा अपने दो अज्ञात साथियों के साथ दुकान पर पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर चारों ने मिलकर समीर के साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। पीड़ित समीर के अनुसार हमलावरों के तेवर बेहद आक्रामक थे। जान बचाने के लिए उसने किसी तरह दुकान का शटर गिरा दिया। शोर सुनकर आसपास के दुकानदार और लोग मौके पर जुट गए, जिसके बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए।
घटना के बाद घायल समीर ने एसपी देहात रुड़की व कोतवाली सिविल लाइन में लिखित तहरीर दी है। समीर का कहना है कि अगर समय रहते आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में उसके साथ कोई बड़ी अनहोनी हो सकती है। पुलिस को दी तहरीर में उसने अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।वहीं कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में रोष है। व्यापार मंडल के लोगों ने निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि बाजार में कानून व्यवस्था बनी रहे और व्यापारियों में सुरक्षा का भाव कायम रहे।

