Breaking
1 Aug 2026, Sat

“पीपल चौक से हज हाउस तक जीरो जोन पर अवैध अतिक्रमण, युवक ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को सौंपा शिकायत पत्र”

पिरान कलियर:(जीशान मलिक)दरगाह साबिर पाक में आने-जाने वाले जायरीनों के लिए जीरो जोन क्षेत्र में अवैध अतिक्रमण बड़ी समस्या बन गया है। इस मुद्दे को लेकर स्थानीय निवासी तस्लीम ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र शेट को लिखित शिकायत पत्र सौंपा।

शिकायत में कहा गया कि पीपल चौक से लेकर हज हाउस तक के मुख्य मार्ग पर रेहड़ी, ठेली और फड़ वालों ने कब्जा कर लिया है। यह क्षेत्र स्वास्थ्य केंद्र की पुरानी बिल्डिंग के पास स्थित है और जीरो जोन घोषित है।बावजूद इसके लगातार अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है। संकरी हुई सड़क के चलते जायरीनों को आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस विषय को कई बार उठाया गया, लेकिन स्थायी समाधान नहीं निकल सका। दरगाह आने वाले जायरीनों ने भी अतिक्रमण से होने वाली परेशानी पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि भीड़भाड़ के समय यहां ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है और श्रद्धालुओं को चलना तक मुश्किल हो जाता है।

लोगों ने उम्मीद जताई है कि इस बार प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा और जीरो जोन क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।

मामले को संज्ञान में लेते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की ने थानाध्यक्ष पिरान कलियर और नगर पंचायत ईओ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। नगर पंचायत ईओ कुलदीप सिंह चौहान ने कहा कि जल्द ही टीम गठित कर अवैध अतिक्रमण हटाया जाएगा।

By zeeshan

Zeeshan डिजिटल मीडिया से जुड़े युवा पत्रकार हैं। वे Bhagwasanatantimes.com के साथ कार्यरत हैं और राजनीति, समाज, धर्म और समसामयिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं। डिजिटल पत्रकारिता में उनकी गहरी रुचि है, और वे निष्पक्ष और तथ्यात्मक खबरों के लिए जाने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *